
सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
जींद में सीआईए स्टाफ में कार्यरत पुलिस कांस्टेबल ने विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ करीब डेढ़ साल तक दुष्कर्म किया और उससे 10 तोले सोना भी ले लिया। बाद में शादी से मना कर दिया। महिला थाना पुलिस ने विधवा महिला की शिकायत पर सीआईए पुलिस कांस्टेबल मनोज शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
10 तोले सोना लेने का भी आरोप
महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में जींद शहर की एक कॉलोनी निवासी महिला ने बताया कि करीब तीन साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। करीब दो साल पहले वह मनोज शर्मा के संपर्क में आई। उसने बताया कि वह सीआईए स्टाफ में कांस्टेबल है। मनोज के साथ नजदीकियां बढ़ी तो मनोज शर्मा ने उसके साथ शादी करने की बात कही और उसके साथ दुष्कर्म किया।
करीब डेढ़ साल तक मनोज शर्मा उसके साथ दुष्कर्म करता। इस दौरान मनोज ने उससे 10 तोले सोना भी लिया। बाद में वह उससे किनारा करने लगा। उसने शादी की बात मनोज से कही तो उसने शादी करने से मना कर दिया और उसका 10 तोले सोना भी नहीं लौटाया। महिला थाना प्रभारी गीता ने बताया कि पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर सीआईए स्टाफ में तैनात कांस्टेबल मनोज के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने, धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।