अंतरराष्ट्रीय महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा की शादी जींद जिले के गांव बड़छप्पर निवासी आकाश के साथ तय हुई है, जोकि जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी है। हालांकि आकाश अपने परिवार के साथ जींद की डिफेंस कॉलोनी में रहते है।
हल्दी की रस्म पूजा के भाई अरविंद बोहरा, रोहित, राहुल, कवीर और भाभी सुचेता, सुशीला, उनकी बुआ पिंकी, इंद्रवती, सुनिता, अनिता, निर्मला के साथ ही मौसी मुन्नी देवी, संतरा देवी और सुनीता और यूथ बॉक्सिंग की हेड कोच अमनप्रीत, सोनिया, प्रियंका, भारती ठाकुर, प्रियंका चौधरी ने निभाई।
वहीं बहन पूनम भी रस्मों में शामिल हुई है। वहीं दूसरी ओर उनके मंगेतर आकाश की इकलौती बहन प्रियंका ऑस्ट्रेलिया गई हुई है जोकि पीआर से संबंधित कारणों की वजह से शादी में शामिल नहीं हो पाई।
भीम अवॉर्डी पूजा ने जीते कई पदक
हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से सम्मानित महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में दर्जनों पदक जीते हैं। उन्होंने 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक, 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोक्यो ओलंपिक में प्रतिनिधित्व किया।
मुक्केबाजी में अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर सदैव सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास किया है। अब जीवन की एक नई शुरुआत करने जा रही हूं। शादी के बाद दो परिवारों के बीच संबंध बन जाते हैं। आकाश से सोशल मीडिया के माध्यम से बातचीत शुरू हुई थी और अब शादी के परिणय सूत्र में बंधने जा रही हूं। शादी समारोह में शामिल होकर हमें आशीर्वाद देने आए सभी शुभचिंतकों का हृदय की गहराइयों से आभार। – पूजा बोहरा, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज।