Haryana: बॉक्सर पूजा ने जींद के आकाश के साथ लिए सात फेरे, खिलाड़ी- कोच, सेलिब्रेटी, नेताओं ने दिया आशीर्वाद


एशियन चैंपियन बॉक्सर पूजा बोहरा बुधवार रात को जींद के आकाश के साथ शादी के परिणय सूत्र में बंध गईं। दूल्हा और दुल्हन ने अग्नि को साक्षी मानते हुए सात फेरे और जीवनभर साथ निभाने के सात वचन लिए। पूजा बोहरा राजस्थानी लहंगे में काफी खूबसूरत नजर आ रही थीं। उनकी शादी में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी व कोच, सेलिब्रेटी के साथ प्रदेश के कई नेताओं ने शिरकत की।

बुधवार सुबह शादी समारोह में हिसार से पूजा के मामा नरेंद्र लांबा, रविंद्र अपने परिवार के साथ भात लेकर आए। जींद जिले के गांव बड़छप्पर से शाम को सात बजे आकाश बरातियों के साथ भिवानी स्थित विदाई वाटिका में पहुंचे। बरातियों का वधू पक्ष ने गर्मजोशी से स्वागत किया। पूजा राजस्थानी हस्तशिल्प लहंगा पहने हुईं थी। लहंगे की कीमत 2.30 लाख है। पूजा के पति जींद में ही यूनाइटेड इंडियन इंश्योरेंस में प्रशासनिक अधिकारी हैं। आकाश अपने परिवार के साथ जींद की डिफेंस कॉलोनी में रहते हैं।



पूजा ने बताया कि 19 अगस्त 2019 को फेसबुक पर उनके पास पहली बार आकाश का मैसेज आया था। इसके बाद उनकी बातचीत शुरू हुई। वर्ष 2020 तक आते-आते बातचीत प्यार में बदल गई। पूजा ने यह बात अपने परिवार वालों को बताई। लड़की के परिवार के लोगों ने आकाश के साथ शादी पर रजामंदी जता दी। दोनों परिवारों ने उनके रिश्ते को कबूल कर लिया।


पूजा को पिता की कमी खल

पूजा के पिता राजबीर सिंह हरियाणा पुलिस में एसआई पद से सेवानिवृत्त हुए थे। उनका पिछले साल निधन हो गया था। शादी के अवसर पर पूजा को पिता की काफी कमी खली और वे भावुक भी हो गई। पूजा की मां दमयंती गृहिणी हैं। पूजा खुद भी इन दिनों आबकारी एवं कराधान विभाग में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। पूजा की बड़ी बहन पूनम गृहिणी हैं और छोटा भाई अरविंद डीपीई है।


कोच और बॉक्सर भी हुए रस्मों में शामिल

पूजा की हल्दी, मेहंदी और बनवारे की रस्मों में अंतरराष्ट्रीय कोच और बॉक्सर शामिल हुए। हल्दी की रस्म पूजा के भाई अरविंद बोहरा, रोहित, राहुल, कवीर और भाभी सुचेता, सुशीला, उनकी बुआ पिंकी, इंद्रवती, सुनिता, अनिता, निर्मला के साथ ही मौसी मुन्नी देवी, संतरा देवी और सुनीता और यूथ बॉक्सिंग की हेड कोच अमनप्रीत, सोनिया, प्रियंका, भारती ठाकुर, प्रियंका चौधरी ने निभाई। वहीं, बहन पूनम भी रस्मों में शामिल हुई हैं।


भीम अवॉर्डी पूजा ने जीते कई पदक

हरियाणा सरकार के भीम अवॉर्ड से सम्मानित महिला मुक्केबाज पूजा बोहरा ने अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कई पदक जीते हैं। उन्होंने 2010 में गोवा में हुई जूनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में रजत पदक, 2012 में गुवाहाटी में हुई सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2013 में एशियन चैंपियनशिप में रजत पदक, 2013 में एशियन गेम्स में कांस्य पदक, 2019 में बैंकॉक में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, 2021 में दुबई में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक और वर्ष 2021 टोकयो ओलंपिक में प्रतिनिधित्व किया।




Source link