
अस्पताल में उपचाराधीन घायल। पिता से जानकारी लेती पुलिस।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा कस्बे की दुर्गा कॉलोनी में सिविल इंजीनियर पिता की बंदूक से चली गोली उसके 16 वर्षीय बेटे को लग गई। हादसा बंदूक की सफाई करते समय हुआ। उस वक्त उसका बेटा उसके पास बैठ कर पढ़ रहा था। गोली उसको छूकर निकली। उसको आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने उसे पानीपत के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया है। जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने इसमें जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार समालखा की दुर्गा कॉलोनी में राजबली अपने परिवार के साथ रहता है। राजबली मच्छरौली स्थित कपूर इंडस्ट्री में बतौर सिविल इंजीनियर कार्यरत है। वह शनिवार शाम करीब सात बजे अपने घर पर ही अपनी लाइसेंसी बंदूक साफ कर रहा था तो उसी कमरे में उसका 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला 16 वर्षीय बेटा आदित्य पढ़ाई कर रहा था।
बंदूक साफ करते वक्त अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में गोली चल गई। गोली पहले छत से टकराई। इसके बाद गोली नीचे आई और वहां बैठे आदित्य की बाएं हाथ को छूकर निकल गई। फिलहाल छात्र की हालत स्थिर बनी हुई है।
समालखा थाना प्रभारी सुनील कुमार ने बताया कि दुर्गा कॉलोनी में गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस घटनास्थल और पानीपत अस्पताल में भी पहुंची। पिता राजबली ने बताया है कि वह बंदूक साफ कर रहा था। तभी गोली चल गई। गोली उसके साथ बैठ कर पढ़ रहे उसके बेटे को छूकर निकल गई। मामले की जांच की जा रही है।